स्वस्थ रहने के लिए रोज जाये शौच

0
971

भारत चौहान नई दिल्ली,शौच हमारे नित्य क्रिया का एक जरूरी हिस्सा है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह कितना जरूरी है? क्या आप जानते हैं कि अगर आप रोजाना शौच नहीं गए तो आप गंभीर रूप से बीमार पड़ सकते हैं। यही नहीं आपकी मौत तक हो सकती है। राजधानी के डॉ. आरएमएल अस्पताल में डॉक्टरों ने एक ऐसे ही मरीज की सर्जरी कर जान बचाने का दावा किया है, जिसके रोजाना शौच न जाने की वजह से उसके आंतो में गांठ पड़ गया था और बेहद गंभीर अवस्था में पहुंच गया था। खास बात यह है कि दुनिया भर में इस तरह के अब तक केवल पांच सौ मामले ही समाने आए हैं।
आरएमएल अस्पताल के जेनरल सर्जरी विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. मनीष निगम बताते हैं कि करीब दो सप्ताह पहले बिहार से पप्पू नाम का एक 38 वर्षीय मरीज इमरजेंसी में आया था। उसने बताया कि उसे पेट में दर्द है और वह दो दिन से शौच नहीं जा पा रहा है। इसके लिए उसका एक्स रे, अल्ट्रासाउंड और खून के कुछ जांच हुए। इसमें उसके आंतों में रूकावट का पता चला। इससे यह भी संभावना बन रही थी कि आंत घूम गई हो। इसका तत्काल इलाज करना जरूरी था, नहीं तो अंदर आंत में संक्रमण हो सकता था, आंत फट सकती थी और मरीज की मौत तक हो सकती थी। डॉ. मनीष की माने तो बड़ी आंत में खून की सप्लाई बनाए रखने के लिए मेजेंट्री होती है। जो सामन्यतया जरूरत से ज्यादा लंबी होने की वजह से निष्क्रिय पड़ी रहती है। रोजाना शौच न जाने से यह भारी होकर अपने अक्ष पर घूम जाती है।
डॉ. मनीष की माने तो ऑपरेशन की जरूरत को देखते हुए उनके अलावा डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. शुभम और डॉ.संपत की टीम बनाई गई। इन लोगों ने जब इमरजेंसी में ऑपरेशन करते हुए पप्पू का पेट खोला। जहां बड़ी आंत अपनी जगह पर घूमी मिली, जिससे छोटी आंत में गांठ (इल्यो- सिग्मोएड नॉट ) पड़ गई थी। इससे बड़ी आंत का एक हिस्सा और छोटी आंत का लगभग पांच फिट का एक हिस्सा काला पड़ गया था। इसके लिए गांठ को काटते हुए बड़ी आंत के काले पड़े हिस्से को काटा (रिसेक्शन एनेस्टोमोसिस) गया। वहीं छोटी आंत के भी खराब हुए हिस्से को काट कर डबल बैरल इलियास्टमी की गई। इससे न सिर्फ मरीज की जान बच गई बल्कि दो दिनों बाद उसने खाना-पीना शुरू कर दिया और छह दिनों बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here