एक्जिट पोल में कर्नाटक में किसी दल को बहुमत नहीं

0
663

ज्ञानप्रकाश बेंगलुरु। कर्नाटक में 15वीं विधानसभा के लिए 222 सीटों पर हुए मतदान के बाद आए एक्जिट पोल में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिल रहा है हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सीटें पिछले चुनाव के मुकाबले दोगुना हो रही है और कांग्रेस को नुकसान बताया जा रहा है।
सी-वोटर, सीएनक्स, न्यूज-18 ने भाजपा को सबसे बड़े दल के रूप में प्रदर्शित किया है जबकि एक्सिस माई इंडिया तथा टाइम्स नाऊ-वीएमआर ने कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीट जीतने वाला दल करार दिया है।
विधानसभा के लिए मतदान पूरा होने के बाद सामने आए विभिन्न एक्जिट पोल में भाजपा की सीटें 40 से बढ़कर 85 से 103 के बीच होने का अनुमान लगाया जा रहा है जबकि कांग्रेस की सीटें घटकर 75 से 95 के बीच रहने की संभावना जतायी जा रही है। जनता दल एस को भी नुकसान हो रहा है।
टाइम्सनाऊ तथा वीएमआर के अनुसार भाजपा को 87 कांग्रेस को 97 और जद एस को 25 सीटों पर जीत मिल रही है। राजधानी बेंगलुरु में भाजपा और कांग्रेस दोनों को 13 से 15 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है जबकि अन्य दलों को यहां कोई जीत हासिल नहीं हो रही है। एक्सिस माई इंडिया के एक्जिट पोल में भी भाजपा को 87, कांग्रेस को बहुमत के करीब 111 सीटें तथा जनता दल एस को 26 सीटें मिलती दिखायी गयी हैं।
एसीएनएक्स ने भाजपा को 106 सीटें दी हैं जबकि कांग्रेस को 75 और जनता दल एस को 37 सीटों पर जीत हासिल करते हुए दिखाया गया है। सी-वोटर ने भी भाजपा को 103 सीटें, कांग्रेस को 83 और जनता दल एस को 25 सीटों पर जीतते दिखाया है। न्यूज।8 ने भाजपा को सर्वाधिक 102 से 110 सीटों पर जीत का अनुमान लगाया है जबकि उसने कांग्रेस को 72 से 78 और जदएस को 35 से 39 सीटों पर जीतने का अनुमान व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here