हिंदूराव में डॉक्टरों के चयन में गड़बड़ी! -एक ही डॉक्टर की तीन पदों के लिए कर दी नियुक्ति

0
575

ज्ञान प्रकाश नई दिल्ली , नार्थ दिल्ली के म्यूनिसिपल कारपोरेशन के हिंदूराव अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के चयन में धांधली के आरोपों पर निगम आयुक्त वष्रा जोशी ने अस्पताल से रिपोर्ट पेश करने की हिदायत दी है। अस्पताल उत्तरी नगर निगम के अधीन संचालित इस अस्पताल के चयन बोर्ड पर धांधली का मामला सामने आने के बाद यह निर्देश जारी किया गया है।
अस्पताल में अनुकंपा के आधार पर एक डॉक्टर का तीन अलग-अलग पदों के लिए चयन कर लिया गया और इसका बकायदा आदेश भी जारी कर दिया है जबकि एक डॉक्टर एक ही विभाग को देख सकता है, क्योंकि वह एक ही विभाग में विषेशज्ञ हो सकता है। चयन प्रक्रिया में हुई धांधली के बाद हिंदूराव अस्पताल के ही रेजिडेंट डॉक्टरों ने विरोध शुरू कर दिया है। इसे देखते हुए उत्तरी नगर निगम की आयुक्त वर्ष जोशी ने इस पूरे चयन प्रक्रिया के मामले पर अस्पताल प्रशासन से रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है।
यह भी:
उत्तरी नगर निगम के अस्पतालों में काफी समय से डॉक्टरों की कमी का सिलसिला चल रहा है। डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए उत्तरी नगर निगम ने अनुकंपा के आधार पर डॉक्टरों का चयन करने का फैसला लिया था। इसको लेकर विज्ञापन भी निकाला गया था। साक्षात्कार के आधार पर डॉक्टरों का चयन किया जाना था। साक्षात्कार बोर्ड ने 21 लोगों को चयनितकिया। साक्षात्कार बोर्ड ने एक डॉक्टर का तीन अलग-अलग विभाग में चयन किया है। इस डॉक्टर का चयन, कैजुअलटी, मेडिसिन, और ब्लड बैंक में हुआ है। एक डॉक्टर केवल एक ही विभाग में काम करने के लिए आवेदन कर सकता है। क्योंकि डॉक्टर एक ही विभाग का विशेषज्ञ होता है। ऐसे में हिंदूरॉव के डॉक्टरों ने इस पूरे प्रकरण को देखते चयन बोर्ड पर सवाल उठाया है। डॉक्टर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में धांधली हुई है।
बाल रोग विभाग में हुई है गड़बड़:
अस्पताल के पीडियाट्रिक विभाग में भी अनुकंपा के आधार पर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति में धांधली के आरोप लगे हैं। इस विभाग में छह सीटों के लिए 8 डॉक्टरों ने हिस्सा लिया था। इनमें से बिना वेटिंग लिस्ट के सिर्फ पांच का ही चयन किया गया है।
एमएस तबादला:
हिंदूराव अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर तैनात डा. संगीता नांगिया अजमानी को उनके पद से हटाकर उन्हें अस्पताल में ही प्रसूति रोग विभाग का प्रमुख बनाया गया है और चिकित्सा अधीक्षक की जिम्मेदारी अस्पताल के एनेस्थेसिया विभाग की प्रमुख डा. अनु कपूर को दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here