मोदी रांची में 30 हजार लोगों के साथ करेंगे योगाभ्यास -फूल प्रूफ तैयारी में जुटा आयुष मंत्रालय -देश का कोई कोना नहीं छूटेगा योग से

0
909

ज्ञानप्रकाश
नई दिल्ली , इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को मुख्य समारोह झारखंड की राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित किया जायेगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 30 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए नोडल मंत्रालय के रूप काम कर रहा आयुष मंत्रालय इस मौके पर देश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। मुख्य समारोह से पहले 13 जून को रांची में एक अभ्यास का आयोजन किया जायेगा जिसमें राज्य की कई गणमान्य हस्तियों के साथ-साथ अनेक योग गुरू और योग संगठन हिस्सा लेंगे।
राजधानी दिल्ली के लुटियंस जोन में मुख्य कार्यक्रम राजपथ पर होगा जिसका आयोजन नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमएस), केन्द्रीय आयुष मंत्रालय के साथ मिलकर करेगी। इसके अलावा लाल किला, नेहरू पार्क , लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, यमुना खेल परिसर, स्वर्ण जयंती पार्क रोहिणी और द्वारका सेक्टर -11 में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।
हर मंत्रालय की होगी भागीदारी:
आयुष मंत्रालय ने सभी संबंधित मंत्रालयों और केन्द्र सरकार के विभागों,राज्य सरकारों तथा संबंधित संस्थानों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर तालमेल करते हुए कार्यक्रमों का आयोजन करने का अनुरोध किया है। उद्योग संगठन भारतीय उद्योग परिसंघ, भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ , कंपनी सचिव संस्थान तथा केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, एनसीईआरटी, विविद्यालय अनुदान आयोग और डीएवी जैसी शैक्षणिक संस्थाएं पहले ही से इस योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं।
आम हो या खास सब लेंगे हिस्सा:
साथ ही मंत्रालय ने सभी व्यक्तियों, संस्थाओं, सरकारी निकायों, व्यावसायिक फर्मो, उद्योगों और सांस्कृतिक संगठनों से भी योग दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का आवान किया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए देश भर के प्रतिष्ठित योग गुरूओं ने एक साझा प्रोटोकॉल तैयार किया है जिसके आधार पर देश और विदेशों में हजारों छोटे-बड़े कार्यक्रमों में योगाभ्यास कराया जायेगा। इस प्रोटोकॉल के तहत पौने घंटे के कार्यक्रम में विभिन्न आसन कराये जाएंगे जिनका चयन सभी उम्र के लोगों को ध्यान में रखकर किया गया है। इस प्रोटोकॉल का वीडियो और ई-बुक आयुष मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयुष मंत्रालय कार्यक्रमों का आयोजन करने वाले संगठनों और संस्थाओं को इनका वितरण भी कर रहा है।
आयुष मंत्रालय ने इस समारोह के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक योजना बनायी है जिसमें प्रिन्ट और इलेक्ट्रानिक मीडिया दोनों को शामिल किया गया है। सोशल मीडिया पर भी योग दिवस के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
योग प्रशिक्षकों, केन्द्रों और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए योगालोकेटर एप और योग स्थलों , प्रतिभागियों, आयोजनकर्ताओं, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों के लिए भुवन एप बनाया गया है। योग को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान के लिए हर वर्ष दो श्रेणियों में चार प्रधानमंत्री योग पुरस्कार दिये जाते हैं जिनमें से एक श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर योगदान तथा दूसरी श्रेणी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किये जाते है। इनके लिए इस वर्ष अब तक 200 नामांकन दायर किये गये है। इसके अलावा योग का प्रचार-प्रसार करने वाले 33 मीडिया संस्थानों को भी सम्मानित किया जायेगा। इन संस्थानों में 11 ¨पट्र मीडिया, 11 इलेक्ट्रॉनिक चैनल तथा 11 रेडियो चैनल शामिल होंगे। इनमें अंग्रेजी, हिंदी और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं के मीडिया संस्थानों को शामिल किया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here