अग्निकांड में मृत किशोर का शव मुर्दाघर में मिला

0
535

ज्ञान प्रकाश नई दिल्ली , अनाज मंडी इलाके में भीषण आग के बाद 14 वर्षीय मोहम्मद सहमत के परिवारवालों और दोस्तों की तलाश सोमवार को एक मुर्दाघर में खत्म हुई। बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले किशोर के जान-पहचान वाले और रिश्तेदार रविवार सुबह से उसकी तलाश कर रहे थे। उन्होंने दावा किया था कि सहमत आग लगने के समय उसी इमारत में था। सहमत के गांव के ही रहने वाले और यहां मायापुरी में एक फर्नीचर फैक्टरी में काम करने वाले मोहम्मद अरमान ने बताया कि हम कल पूरा दिन एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते रहे लेकिन इस दौड़-धूप का कोई नतीजा नहीं निकला। उसने कहा कि सोमवार को दोपहर करीब सवा बारह बजे मैंने और सहमत को जानने वाला एक व्यक्ति ने एलएनजेपी अस्पताल के मुर्दाघर में उसके शव की पहचान की।
दोनों दमकल कर्मियों को अस्पताल से मिली छुट्टी:
आग को बुझाने के दौरान घायल हुए दो दमकल कर्मियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बचाव अभियान करते हुए वे दोनों दमकल कर्मी घायल हो गए थे। इमारत में सबसे पहले दमकल कर्मी राजेश शुक्ला ने प्रवेश किया और 11 लोगों की जान बचाई। बचाव अभियान के दौरान शुक्ला के पैर में चोटें आई, जिसके बाद उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं, बचाव अभियान के दौरान दूसरे दमकल कर्मी भी मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के एमएस डा. किशोर सिंह ने कहा दोनों ही दमकल कर्मियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह झुलसे नहीं थे, लेकिन हानिकारक गैस की चपेट में आ गए थे इसलिए हमने उन्हें निगरानी में रखा। हालांकि राहत दल में करीब 150 दमकलकर्मी शामिल हुए थे।
बिहार के रहने वालों का शव स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से:
इस बीच रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि आग त्रासदी में जान गंवाने वाले बिहार के निवासियों के शव उनके गृह राज्य ले जाने की सुविधा देगा। ये शव स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसएलआर कोच में रखकर ले जाये जाएंगे। इस हादसे में 43 लोगों की मौत हुई थी। इनमें समसे ज्यादा मौतें बिहार के रहने वालों की हुई। अधिकारी ने कहा कि दरअसल घटना के बाद बिहार के रेजिडेंट कमिश्नर ने शवों को उनके गृह राज्य भेजने के वास्ते मदद के लिए रेल मंत्री पीयूष गोयल से संपर्क किया था। गोयल के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली मंडल ने कोच की व्यवस्था की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here